वॉशिंगटन , जुलाई 21 -- अमेरिका ने ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कूटनीतिक बातचीत जारी रहने के बावजूद उसके खिलाफ अपना सैन्य अभियान जारी रखने का संकेत दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हर अमेरिकी सैनिक की मौत के बदले की जोरदार कार्रवाई की प्रतिबद्धता जतायी है।उन्होंने कहा कि पेंटागन को ईरान द्वारा मारे गये प्रत्येक अमेरिकी सैनिकों का निर्णायक जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
श्री ट्रंप ने बिना विस्तृत जानकारी दिये ट्रूथ सोशल पर लिखा है, "ईरान जब भी किसी अमेरिकी सैनिक की हत्या करेगा, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी! यह निर्देश युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैनियल केन और सेना के हर नेतृत्वकर्ता को दे दिया गया है।"उनकी यह टिप्पणी तनाव के और बढ़ने का संकेत देती है। सप्ताहांत में जॉर्डन के एक सैन्य ठिकाने पर हुए ईरानी हमले में कम से कम दो अमेरिकी सैनिक मारे गये थे, जबकि इराक में गिराये गये एक ईरानी ड्रोन के बिना फटे गोला-बारूद को 'नियंत्रित विस्फोट' से नष्ट करने के दौरान एक और सैनिक की मौत हो गयी थी।
पेंटागन ने सोमवार को बताया कि सात जुलाई के बाद से लगभग 100 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकतर को मामूली चोटे आयी हैं।
गहराते संघर्ष के बावजूद इजरायल हालिया अमेरिकी हमलों में शामिल नहीं हुआ है और अब तक सीधे ईरानी जवाबी हमले से बचा हुआ है।
चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कई परिदृश्यों पर चर्चा करने के लिए सोमवार को सुरक्षा समीक्षा बैठक की, जिसमें यह संभावना भी शामिल थी कि ईरान इजरायल को निशाना बनाकर संघर्ष को और व्यापक बना सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली रक्षा अधिकारियों ने राजनीतिक नेताओं को बताया कि ईरान के भीतर इस बात पर गहन बहस चल रही है कि क्या इजरायल को भी इस संघर्ष में घसीटा जाये। रिपोर्टों के मुताबिक इजरायल अमेरिकी केंद्रीय कमान के साथ मिलकर काम कर रहा है, जबकि इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाये हैं कि स्थिति की मांग होने पर वे तुरंत प्रतिक्रिया दे सकें।
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि सैन्य अभियानों के जारी रहने के बावजूद अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक संपर्क अब भी कायम हैं। उन्होंने कहा, "फिलहाल राष्ट्रपति का पूरा ध्यान ईरान के समझौते पत्रों (एमओयू) के उल्लंघन और होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी उसकी कथित 'आतंकवादी गतिविधियों' की कीमत वसूलने पर है। इसके अलावा, राष्ट्रपति हाल ही में हुई अमेरिकी सैनिकों की मौतों का भी हिसाब चुकता करेंगे। यह भीषण सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक राष्ट्रपति कोई अन्य फैसला नहीं लेते, लेकिन हमारे दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।"यह बयान ऐसे समय आया है, जब भीषण लड़ाई के थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सेंटकॉम ने कल देर रात घोषणा की कि उसने ईरानी ठिकानों पर लगातार 10वीं रात अपने हवाई हमले पूरे कर लिये हैं।
केंद्रीय कमान ने कहा, "इन हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों पर हमले करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ईरानी सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है।"अमेरिकी सेना के अनुसार ताजा अभियान में ईरानी सैन्य कमान केंद्रों, समुद्री क्षमताओं, मिसाइल व ड्रोन लॉन्च स्थलों और वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित