सागर , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में गश्ती करते हुए वनकर्मियों पर हमला करने और अवैध सागौन की लकड़ी काटने एवं भंडारण करने पर थाना सुआताला में एफआईआर दर्ज की गई है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव परिक्षेत्र के पश्चिम आमापानी बीट में बीट गार्ड ऋषिकेश टैगोर, वनरक्षक अपने दो श्रमिकों संतोष ठाकुर और जगदीश नोरिया के साथ मोटरसाइकिल से गश्त पर थे। वनकर्मी तालाब की चेकिंग करने हेतु पेड़ पर चढ़े तो उन्हें दूसरी और तीन व्यक्ति दिखाई दिए, जिनके पास दो बंदूके भी थी। पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने इनके तरफ निशाना करके बंदूक से गोली चला दी। इस समय आसपास छिपे हुए और व्यक्ति भी इन अपराधियों के साथ इकट्ठा हो गए और गोलीबारी शुरु कर दी। लगभग आठ आरोपी वहां मौजूद थे।
जब वनकर्मी वहां से नहीं हटे और उन्हें ललकारते रहे तब उन्होंने तीन राउंड और फायर किया। इस बीच वनकर्मियों ने आठ आरोपियों में से तीन को पहचान लिया। इनकी पहचान राजा लोधी निवासी ग्राम रमपुरा, अरविंद पटेल निवासी ग्राम कुमरोढ़ा तथा रामसेवक गोड निवासी ग्राम रमपुरा के रूप में हुई है। घटना के दौरान किसी भी वनकर्मी को कोई हानि नहीं हुई है। आरोपियों के खिलाफ सुआताला थाना में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। पुलिस बल की सहायता से तथा टाइगर रिजर्व में उपलब्ध डॉग स्क्वाड की सहायता से वन अमले द्वारा लगातार सर्च की गई। रात्रि अधिक होने के कारण अभियान फिर चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के मकान आदि की तलाशी ली, जिसमें सागौन की इमारती लकड़ी, भाला, जानवरों को काटने के हथियार तथा जानवरों के अंग आदि जप्त किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित