श्रीगंगानगर , मई 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता कॉमरेड श्योपत मेघवाल ने कहा है कि मोदी सरकार की गलत विदेश नीति और अमेरिका के आगे झुकने की कीमत वर्तमान में देश का आम आदमी चुका रहा है।
श्री मेघवाल ने शनिवार को यहां कहा कि अमेरिका के दबाव में रूस और ईरान से सस्ता तेल खरीदना बंद करने की मार सीधे देश की जनता झेल रही है। एक तरफ अडानी-अंबानी जैसे बड़े पूंजीपतियों की बल्ले-बल्ले हो रही है, जो अपने मुनाफे के लिए विदेशों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश की जनता का खून पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के जरिए जोंक की तरह चूसा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिन में लगातार तीसरी बार डीजल-पेट्रोल के मूल्य में वृद्धि किए जाने पर कहा कि जनता पहले ही कमरतोड़ महंगाई से त्रस्त है। ऊपर से 10 दिनों में तीसरी बार डीजल-पैट्रोल के दाम बढ़ाकर सरकार ने आम लोगों पर एक और भारी बोझ डाल दिया है। डीजल-पेट्रोल महंगे होने का सीधा असर खाने-पीने की चीज़ों, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ेगा। इसका खामियाजा मजदूर, किसान, कर्मचारी, छोटे व्यापारी और आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
श्री मेघवाल ने कहा कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार महंगाई बढ़ाने का काम कर रही है। अब वक्त आ गया है कि जनता इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ बुलंद करे। उन्होंने कहा कि महंगाई, कॉरपोरेट घरानों का पक्ष लेना और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित