बैतूल , जून 07 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में कथित गलतफहमी के चलते 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान गुल्लरढाना निवासी गोलू कासदे (19) के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने किसी अन्य व्यक्ति की तलाश के दौरान संदेह के आधार पर गोलू को रोक लिया और उसके साथ डंडों तथा लकड़ियों से मारपीट की।

बताया गया है कि छह जून की रात गोलू एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गया था। इसी दौरान कथित रूप से पवन, शेरू और उनके साथियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे नागपुर रेफर किया गया। उपचार के लिए नागपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।

रविवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हुए। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और हत्या का प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है।

झल्लार थाना प्रभारी वाहिद खान ने बताया कि युवक की मृत्यु के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है तथा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित