हरिद्वार , जून, 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में बढ़ते तापमान और गर्मी के मौसम के दौरान आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार से अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सार्वजनिक स्थलों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का पुनर्मूल्यांकन करने के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी के निर्देशानुसार कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, होटल, अस्पताल, विद्यालय, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाएगी। इस दौरान फायर उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता और अग्निशमन मानकों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों को फायर सेफ्टी ऑडिट में चिन्हित कमियों को तत्काल दूर कराने तथा संबंधित संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित