पटना , अप्रैल 20 -- ीषण गर्मी को देखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने राज्यभर में जलापूर्ति योजनाओं की गहन मॉनिटरिंग के लिये वरीय पदाधिकारियों को दो दिनों के लिए क्षेत्र भ्रमण पर भेजा है। विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल के निर्देशानुसार अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव, विशेष सचिव, मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता स्तर के पदाधिकारी विभिन्न जिलों में भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे।
फील्ड विजिट के दौरान पदाधिकारी मोबाइल ऐप/एमआईएस के माध्यम से योजनाओं की जांच, जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति, ऑपरेटर द्वारा संचालन, योजनाओं की क्रियाशीलता, चापाकलों की स्थिति, स्टैंड पोस्ट की गुणवत्ता, टैंकर से जलापूर्ति व्यवस्था,संचालन और रखरखाव के तहत विद्युत खपत एवं अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। साथ ही आम नागरिकों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया जाएगा।
सभी पदाधिकारी निरीक्षण उपरांत विस्तृत प्रतिवेदन विभागीय सचिव को समर्पित करेंगे। प्राप्त प्रतिवेदन की समीक्षा के उपरांत आवश्यकतानुसार विधिवत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे गर्मी के मौसम में आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित