पटना , मई 29 -- भीषण गर्मी एवं आंधी-बारिश से लोगों को राहत दिलाने के लिए पटना नगर निगम ने व्यापक स्तर पर इंतजाम किये हैं। पटना समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों कभी भीषण गर्मी तो कभी तेज आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम की इस आंखमिचौली के बीच राहगीरों और आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा कुल 17 स्थलों को चिन्हित किया गया है जहां लोग हीट वेव अथवा आंधी बारिश के दौरान विश्राम कर सकते हैं।

पटना नगर निगम द्वारा संचालित सभी छह स्थायी आश्रय स्थलों पर लोग विश्राम कर सकते हैं। यहां कूलर, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था है। इस संबंध में नूतन राजधानी अंचल, बांकीपुर अंचल एवं अजीमाबाद अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन हैंगरों में कूलर, पेडस्टल फैन, प्याऊ आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर इन्हें "समर-रेडी" बनाया जाए।भीषण गर्मी को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा शहर के 260 स्थानों पर अस्थायी प्याऊ एवं निगम नीर की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 13 स्थानों पर वाटर टैंकर भी तैनात किए गए हैं।

सभी प्याऊ, निगम नीर एवं वाटर टैंकरों की नियमित साफ-सफाई की जाती है तथा प्रतिदिन ताजा पानी भरा जाता है। वाटर टैंकर एवं निगम नीर को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चलंत रूप से संचालित किया जा रहा है। वहीं, प्रत्येक अस्थायी प्याऊ पर आवश्यकता अनुसार दो से पांच घड़ों की व्यवस्था की गई है।

पटना नगर निगम द्वारा गर्मी एवं बदलते मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। निगम का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, डिलीवरी कर्मियों एवं जरूरतमंद लोगों को भीषण गर्मी और आंधी-बारिश के दौरान त्वरित राहत उपलब्ध कराना है, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित