ग्वालियर , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र में पति और ससुर से मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर गर्भवती महिला को बंदूक की नोक पर अगवा करने के मामले में फरार दस हजार रुपये के इनामी आरोपी को तिघरा थाना पुलिस ने कैंथा के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी डकैत कल्ली और योगी का साथी बताया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप सिंह गुर्जर (33) निवासी ग्राम तोर, जिला मुरैना के रूप में हुई है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए ग्राम कैंथा के शीतला माता मंदिर के पास घटिया क्षेत्र में छिपा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गर्भवती महिला को बंदूक की नोक पर अगवा करने का आरोपी कैंथा गांव के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंषाना के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार मामला 08 अक्टूबर 2025 का है। ग्राम गुर्जा निवासी बृजलाल गुर्जर ने तिघरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे गिर्राज गुर्जर का विवाह वर्ष 2024 में श्योपुर जिले की अंजू गुर्जर से हुआ था। विवाह का जोगेंद्र उर्फ जोगा उर्फ योगी गुर्जर निवासी तिलौधा, मुरैना विरोध करता था और परिवार को धमकी देता था।
शिकायत के अनुसार 08 अक्टूबर की शाम जोगेंद्र अपने साथियों के साथ बंदूक लेकर बृजलाल के घर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों से मारपीट की और बृजलाल की गर्भवती बहू अंजू गुर्जर को बंदूक की नोक पर जबरन अपने साथ ले गए।
पुलिस ने मामले में अपहरण, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने प्रदीप गुर्जर सहित अन्य आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक नौ इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित