प्रयागराज , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद की बारा विधानसभा सीट से अपना दल के विधायक वाचस्पति ने कहा कि राजनीति में उनका प्रमुख उद्देश्य गरीब और वंचित बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी विधायक निधि का बड़ा हिस्सा सरकारी स्कूलों के विकास में खर्च किया है।

विधायक वाचस्पति ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को उन्होंने अपने क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रही है।

उन्होंने पूर्व सरकारों पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि पहले क्षेत्र में विकास कार्यों की कमी थी, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। बारा से शंकरगढ़ तक सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाएं होती थीं, लेकिन अब बेहतर सड़क और प्रकाश व्यवस्था से स्थिति में सुधार आया है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में अंडरपास निर्माण सहित कई बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आई है। साथ ही, एनटीपीसी और सीमेंट फैक्ट्रियों जैसी औद्योगिक इकाइयों के आने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद बारा विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है और अब यह क्षेत्र पिछड़ेपन से बाहर निकलकर प्रगति की ओर अग्रसर है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करेंगे। यदि उन्हें टिकट मिलता है तो चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा संगठन के लिए कार्य करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित