गोपालगंज , मई 30 -- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शनिवार को कहा कि गरीब चौपाल यात्रा जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और जरूरतमंदों को उनका वास्तविक अधिकार दिलाने का सशक्त माध्यम है। मंत्री श्री सुमन ने आज यहां आयोजित गरीब चौपाल यात्रा के आयोजन के अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा बिहार में चौमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि 'गरीब चौपाल यात्रा' का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचितों, दलितों और गरीबों की समस्याओं को सीधे उनके दरवाजे पर सुनना है। यह यात्रा जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और जरूरतमंदों को उनका वास्तविक अधिकार दिलाने का सशक्त माध्यम है।

श्री सुमन ने कहा की कि उनकी पार्टी गरीबों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर बिहार में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पार्टी गरीबों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रत्येक गरीब के दरवाजे तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के लिए पहल करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 200 क्रियाशील सदस्य बनाए जाएंगे तथा जिले में 30,000 लोगों को प्राथमिक सदस्यता से जोड़ा जाएगा। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित