भिण्ड , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के अचलपुरा गांव में राशन दुकान से गरीबों को मिलने वाले गेहूं-चावल के वितरण में बड़ी धांधली का मामला सामने आया है। लहार के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के निर्देश पर मिहोना पुलिस ने राशन खुर्दबुर्द करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

अचलपुरा में राशन दुकान संचालक पर आरोप लगा था कि हितग्राहियों को राशन वितरित करने के बजाय उसे बाजार में बेच दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत तत्कालीन लहार एसडीएम विजय सिंह यादव से की थी। निर्देश मिलने पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (जेएसओ) सुनील मुद्गल ने मामले की जांच की। जांच में करीब 10 लाख 228 रुपये मूल्य के खाद्यान्न की गड़बड़ी सामने आई।

जांच रिपोर्ट के बाद वर्तमान लहार एसडीएम महेंद्र सिंह सौजन्या के आदेश पर जेएसओ सुनील मुद्गल ने मिहोना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुकान संचालक दवरेहा निवासी खुशबू कुशवाह और कल्लू कुशवाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील मुद्गल ने बताया कि सरकारी राशन में हेराफेरी के आरोप में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित