पटना , अगस्त 20 -- ्रामीण विकास और सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को कहा कि पूरे देश में बिहार ही ऐसा राज्य है जहां गरीबों को आवास देने के साथ उसकी मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए सरकार राशि देती है। श्री कुमार ने गुरुवार को ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूर्ण दो लाख 35 हजार आवास के लाभुकों को उनके घर की चाबी का वितरण किया।इस समारोह में नए चयनित लाभुकों के बीच स्वीकृत पत्र वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17 से अभी तक राज्य में कुल 49 लाख 17 हजार 344 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 49 लाख नौ हजार 829 आवासों को स्वीकृति देते हुए 42 लाख 18 हजार 025 (85.77 फीसदी) आवासों को पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य के लिए 11 लाख 18 हजार 937 आवासों की नई स्वीकृति दी है जो बड़े हर्ष की बात है।
मंत्री श्री कुमार ने कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में आवास योजना को दी जाने वाली स्वीकृति केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीबों के प्रति संवेदना को दर्शाती है।
मंत्री श्री कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तीन प्रमुख योजनाएं चलाई गई। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित एक जनवरी 1996 से पहले के बने क्षतिग्रस्त घरों को बनाने की सुविधा राज्य सरकार ने अपने स्तर से की है। दूसरी योजना के तहत अप्रैल 2010 से पहले जिस भी गरीब को आवास दिया गया, इसकी मरम्मतीकरण एवं रंग रंगोन के लिए 50 हजार रुपये का भुगतान सरकारी खजाने से किया गया। उन्होंने बताया कि पीएम आवास की सूची में शामिल भूमिहीन लाभुकों को सरकारी जमीन की उपलब्धता होने पर पांच डिसिमिल जमीन या फिर राजकीय खजाने से एक लाख रुपए जमीन खरीदने के लिए देने वाला बिहार देश में पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य में आवास योजना में शामिल लाभुकों को शौचालय के लिए 12 हजार रुपये सहायता राशि के साथ ही नल का जल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और 125 यूनिट निःशुल्क बिजली आदि का लाभ दिया जाता है, जिससे गरीब लाभुक को आवास के साथ-साथ दूसरी मूलभूत सुविधा मिल सके। उन्होंने विकसित भारत के साथ-साथ विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने में जुटी केंद्र सरकार के साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सफलता के लिए बधाई दी।
लाभुकों को आवास की चाबी सौंपने के दौरान श्री कुमार ने कहा कि बिहार के लिए आज ऐतिहासिक क्षण है जहां एक समय में इतनी बड़ी संख्या में आवास निर्माण कराते हुए इसका लाभ बड़ी संख्या में लाभार्थियों को दिया गया। उन्होंने लाभुकों के कुशल जीवन की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित