पटना , जून 06 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद गरीबों और भूमिहीनों की झोपड़ियों पर लगातार बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।श्री पाण्डेय ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षों से बसे पर्चाधारियों एवं भूमिहीन गरीबों के घरों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवहर और मधुबनी में वर्षो से बसें गरीब परिवार को बेघर कर दिया गया है।
पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल, जिसमें राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय, राज्य सचिवमंडल सदस्य अजय कुमार सिंह, शिवहर जिला सचिव रामनरेश कुँवर, पूर्व जिला सचिव जग नारायण साह और किसान नेता सच्चिदानंद सिंह शामिल थे, ने शिवहर जिले के पिपराही में घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पार्टी के सहायक जिला सचिव हैदर अली के घर को 31 मई 2026 को प्रशासन द्वारा बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हैदर अली पिछले कई पीढ़ियों से वहां रह रहे थे, लेकिन कार्रवाई के बाद पूरा परिवार बेघर होकर खानाबदोश जीवन जीने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी शिवहर सदर के आदेश पर की गई। इस घटना को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया और इसे प्रशासनिक निरंकुशता बताया।
श्री पाण्डेय ने मांग की है कि जब तक बेघर हुए लोगों के लिए वैकल्पिक आवास और भूमि की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के घरों पर इस तरह की कार्रवाई संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और इसके विरुद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित