हैदराबाद , जून 21 -- वामपंथी दलों ने रविवार को गरीबों के लिए आवास और आवासीय भूखंडों की मांग को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने हनमकोंडा जिले के गुंडला सिंगराम और गोपालपुर में बेघर परिवारों की झोपड़ियों को जबरन ढहा दिया है।
भाकपा के राज्य सचिव कूनामनेनी सांबशिव राव ने मखदूम भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाकपा, माकपा और अन्य वामपंथी दल 27 जून को हनमकोंडा में एक विशाल रैली आयोजित करेंगे। इसमें मांग की जायेगी कि विस्थापित परिवारों के लिए उन्हीं जगहों पर मकान बनाये जाएं, जहाँ उनकी झोपड़ियां ढहायी गयी थीं।
उन्होंने विरोध प्रदर्शनों के पूरे कार्यक्रम की घोषणा की, जिसके तहत एक जुलाई को जिला मुख्यालयों और कलेक्ट्रेटों पर प्रदर्शन किया जायेगा। योग्य लाभार्थियों से आवेदन जमा किये जायेंगे और छह जुलाई को हैदराबाद के इंदिरा पार्क में विशाल धरना दिया जायेगा। इसके बाद ये आवेदन मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को सौंपे जायेंगे।
वामपंथी नेताओं ने गुंडला सिंगराम और गोपालपुर में झोपड़ियां ढहाये जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और पुलिस ने इस कार्रवाई को अमानवीय तरीके से अंजाम दिया है और गरीब परिवारों के खिलाफ मामले भी दर्ज किये हैं।
उन्होंने मांग की है कि सरकार आवासीय भूखंड दे, सरकारी और भूदान जमीनों पर लंबे समय से रह रहे लोगों को पट्टे जारी करे और जबरन बेदखली पर रोक लगाये। माकपा नेता अब्बास, सीपीआई(एमएल) नेता के गोवर्धन और अन्य नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार राज्य भर में गरीबों और बेघरों की आवास संबंधी जरूरतों को पूरा करने में विफल रही तो इस आंदोलन को और तेज किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित