लाडवां , अक्टूबर 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गरीबों की चिंता, किसानों का सम्मान, युवाओं को अवसर, महिलाओं की सुरक्षा और बुजुर्गों को सहारा देना रामराज्य की भावना है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां जय भारत कला मंच की ओर से आयोजित विजयदशमी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जय भारत कला मंच को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर धर्म की स्थापना की। उनके जीवन से सत्य, संयम, सेवा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करने के साथ लोगों को अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और छल-कपट जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित