पटना , जून 11 -- बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को कहा है कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।डॉ. गुप्ता ने आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. गुप्ता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिव्यांगजनों, वृद्धजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्पष्ट किया है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद तबकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष द्वारा राज्य का खजाना खाली होने संबंधी लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद, भ्रामक और तथ्यहीन बताया।

इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित