गरियाबंद , सितंबर 10 -- त्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में इंदागांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.663 किलोग्राम गांजा जब्त कर मध्यप्रदेश की एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोग गांजा लेकर इंदागांव की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदागांव के आगे नाकाबंदी कर दो संदिग्ध बजाज एवेंजर मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया कुल 10.663 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इनमें एक मोटरसाइकिल से 5.423 किलो और दूसरी से 5.240 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के निवासी कमलेश सिंह (32), देवेंद्र सिंह (21) और पूनम सिंह (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब छह लाख 43 हजार 150 रुपये आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित