गरियाबंद , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में पार्टी का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिले भर से आए वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन के प्रति समर्पण और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी नेहरू निषाद, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष उपाध्याय तथा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना 06 अप्रैल 1980 को हुई थी, जिसकी वैचारिक जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ, बाद में 1977 में आपातकाल के पश्चात अन्य दलों के साथ मिलकर जनता पार्टी का हिस्सा बना। वैचारिक मतभेदों के चलते 1980 में दिल्ली के कोटला क्लब मैदान में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ, जिसने देश की राजनीति में एक मजबूत पहचान बनाई।

उन्होंने बताया कि भाजपा की विचारधारा 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' पर आधारित है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। पार्टी की प्रमुख निष्ठाओं में राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, गांधीवादी समाजवाद, सकारात्मक धर्मनिरपेक्षता तथा मूल्यों पर आधारित राजनीति शामिल हैं।

कार्यक्रम का समापन संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित