गरियाबंद , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रिश्वतखोरी आरोपी पटवारी खेमराज साहू को निलंबित कर दिया है। मामले में राजस्व निरीक्षक (आरआई) और तहसीलदार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, छुरा तहसील के हल्का नंबर 28 में पदस्थ पटवारी खेमराज साहू का एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह एक किसान से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि ली गई राशि का हिस्सा आरआई और तहसीलदार तक पहुंचता है।
वायरल ऑडियो में पटवारी कथित रूप से किसान से यह कहते हुए भी सुनाई दिये कि कड़ी धूप में मौके पर आने के लिए "ठंडी बियर" का इंतजाम किया जाए। यह ऑडियो-वीडियो करीब 10 दिन पुराना बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, कियुटीझर गांव के एक किसान से बटांकन के लिए नक्शा काटने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से पांच हजार रुपये लेते हुए पटवारी वीडियो में नजर आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित