गरियाबंद , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला मुख्यालय में दुर्गा पूजा पंडाल के समीप तलवार लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रावण भाटा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पास एक युवक द्वारा तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर उसके कब्जे से तलवार जब्त कर ली। इसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सिटी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान रोमित राठौर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में हिट एंड रन के एक मामले में सजा काट चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित