रायपुर , जून 09 -- छत्तीसगढ़ में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने तीन चैन माउंटेन मशीनों और एक हाईवा वाहन को जब्त किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की टीम ने आठ जून को औचक निरीक्षण के दौरान गरियाबंद जिले की राजिम तहसील अंतर्गत ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी में साधारण रेत के अवैध उत्खनन का मामला पकड़ा। जांच में मशीनों के माध्यम से नियमों के विपरीत रेत उत्खनन किए जाने की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया।

विभाग ने खदान संचालक तथा मशीन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त एक हाईवा वाहन को भी जब्त कर राजिम थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम मौजूद रही।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खनिज विभाग के सचिव ने बताया कि प्रदेशभर में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर नियंत्रण के लिए सतत निगरानी की जा रही है तथा विभागीय अमले और उड़नदस्ता दलों को नियमित निरीक्षण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित