गरियाबंद , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में विशेष फास्ट ट्रैक न्यायालय ने आरोपी पिता को दोषी करार देते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
मामले में पीड़िता हिंदी भाषा समझने और बोलने में असमर्थ थी। ऐसे में पुलिस ने गोंडी और हल्बी भाषा की जानकार दो महिला अनुवादकों की सहायता से उसके बयान दर्ज किए। भाषाई बाधा दूर होने के बाद पीड़िता की आपबीती सामने आई जो न्यायालय में अभियोजन पक्ष के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य बनी।
अभियोजन के अनुसार, घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक पड़ोसी ने पीड़िता के चचेरे भाई को फोन कर उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन आरोपी के घर पहुंचे, जहां बच्ची ने सौतेले पिता द्वारा किए जा रहे शारीरिक और यौन उत्पीड़न की जानकारी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके साथ मारपीट करता था और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था।
परिजनों ने बच्ची को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने इसका विरोध किया। इसके बाद पीड़िता के चचेरे भाई ने अमलीपदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्ची को आरोपी के घर से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।
जांच के दौरान भाषा संबंधी कठिनाई सामने आने पर गोंडी और हल्बी की जानकार महिला अनुवादकों की मदद ली गई। उनके माध्यम से पुलिस और न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने करीब एक वर्ष से लगातार यौन शोषण, मारपीट और धमकी दिए जाने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। विवेचना पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोपपत्र प्रस्तुत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित