भोपाल , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नवरात्रि से पहले हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने गरबा आयोजकों से पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना करने की अपील की है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि जहां भी गरबे का आयोजन हो रहा है, वहां मां दुर्गा की प्रतिमा व्यवस्थित रूप से स्थापित की जाए और सुबह-शाम आरती के बाद धार्मिक गीतों एवं भजनों पर गरबा कराया जाए।

श्री तिवारी ने गरबा पंडालों के प्रवेश द्वार पर भगवान विष्णु के वराह अवतार की प्रतिमा स्थापित करने तथा प्रवेश से पहले वराह भगवान का पूजन कराने की बात कही। उन्होंने पंचगव्य ग्रहण कराने का भी सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि पंचगव्य में गाय का दूध, दही, घी, गोबर और गोमूत्र शामिल होता है।

श्री तिवारी ने दावा किया कि पंचगव्य ग्रहण करने से व्यक्ति का शुद्धिकरण होता है और इससे गरबा स्थल पर विधर्मियों के प्रवेश को रोका जा सकेगा। उन्होंने गरबा आयोजकों से आयोजन को पारंपरिक स्वरूप में रखने की अपील करते हुए कहा कि गरबा मां की आराधना का पर्व है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अश्लीलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोजकों से दुर्गा प्रतिमा की स्थापना और आयोजन का धार्मिक स्वरूप सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि इन बातों का ध्यान नहीं रखा गया तो समिति को कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित