गयाजी , जून 27 -- गया पुलिस ने "ऑपरेशन मुस्कान" पहल के तहत गुम हुए 68 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा है।

इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी (सनहा) के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 68 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20.50 लाख बताई गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने संवाददाताओं को आज बताया कि उनके निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं ओपी में टेक टीम का गठन किया गया था। टीम ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया और उनके धारकों को सौंप दिया।

एसएसपी ने कहा कि "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन जल्द से जल्द बरामद कर लोगों को लौटाए जा सकें।

एसएसपी ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन चोरी या गुम हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना में दर्ज कराने के साथ-साथ (सीईआईआर) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित