पटना , मई 20 -- िहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर गया जी जिले की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कुमार ने मुलाकात के दौरानने गया जी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण फ्लाईओवर एवं आरओबी निर्माण परियोजनाओं पर चर्चा की।
श्री कुमार ने कुजापी, धनिया बगीचा, डेल्हा-स्टेशन गुमटी नंबर-1 होते हुए बाटा मोड़ टेकारी रोड तक फ्लाईओवर एवं आरओबी निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अतिरिक्त फल्गु नदी किनारे बोधगया से विष्णुपद होते हुए रामशिला मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण, अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज से गया कॉलेज, गांधी मैदान होते हुए रेलवे स्टेशन तक फ्लाईओवर निर्माण तथा गयाजी-बोधगया एयरपोर्ट से कृषि उत्पादन बाजार समिति तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने गया जी की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ एवं महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाना चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही बोधगया कॉरिडोर निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने पर भी चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित