पटना , जून 17 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को खेल विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार सरकार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह एवं खेल विभाग के निदेशक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गया जिले तथा मगध प्रमंडल में खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाओं के विस्तार की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने गया कॉलेज के समीप प्रस्तावित 8 लेन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, बोधगया स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), विशेष कार्यबल प्रशिक्षण केंद्र तथा दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रस्तावित खेल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। विभाग द्वारा बताया गया कि इन सभी परियोजनाओं के प्रस्ताव भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय को स्वीकृति के लिये भेजे जा चुके हैं और स्वीकृति प्राप्त होते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रह्मण्यम स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि गया जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले शहर में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र डीपीआर तैयार करने पर बल दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने मगध प्रमंडल अंतर्गत चंदौती के दूर्वे में प्रस्तावित प्रमंडलीय खेल परिसर की समीक्षा करते हुए सुझाव दिया कि बिहार के सभी प्रमंडलों के लिए एक आदर्श खेल परिसर मॉडल विकसित किया जाए, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एथलेटिक्स ट्रैक, खेल मैदान, खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के आवास, प्रशिक्षण केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि गया में पर्याप्त भूमि, एयरपोर्ट, रेल एवं सड़क संपर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए इसे खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित