गयाजी , मार्च 20 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरूवार को कहा कि मोक्ष धाम गयाजी में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।

श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान गयाजी के टनकुप्पा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोक्ष धाम गयाजी में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही गया में डेढ़ हजार एकड़ से ज्यादा भूमि में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जो राज्य में एक करोड़ नौकरी-रोजगार सृजन के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री चौधरी ने कहा कि एक समय गयाजी में नक्सलियों का भय और खराब सड़कों के कारण लोग यहां आने से डरते थे। उन्होंने कहा कि पहले पटना से गया पहुंचने में करीब पांच घंटे लगते थे और शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में भी असहज महसूस करते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है लोग रात में भी बेफिक्र होकर आवागमन कर रहे हैं। पटना से गया डेढ़ से दो घंटे में पहुंचा जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित