गया जी, अप्रैल 10 -- गयाजी में शनिवार से तीन दिवसीय विश्व शांति सम्मेलन का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धर्मो के धर्म गुरू शामिल होंगे ।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे ।
इस कार्यक्रम के आयोजक पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव इकबाल हुसैन ने बताया कि तीन दिवसीय विश्व शांति सम्मेलन के दौरान प्रथम दिन हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई से जुड़े धर्म गुरु विशेष रूप से चर्चा में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान धर्मगुरु विश्व शांति की पहल के साथ विभिन्न धार्मिक विषयों पर अपनी बात रखेंगे ।
श्री हुसैन ने बताया कि दूसरे दिन शहादत दिवस का कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें आजादी के लिए शहीद हुए महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कई कवि और गजलगो अपनी रचनाओं से उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
कार्यक्रम के आयोजक ने बताया कि तीसरे दिन बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य दुनिया भर में युद्ध के माहौल को कम करना और विश्व शांति की पहल करना है। उन्होंने कहा कि गयाजी भगवान विष्णु, भगवान बुद्ध एवं बाबा पीर मंसूर की ज्ञान भूमि रही है और पूरे विश्व को शांति का संदेश देने के लिए इससे बेहतर कोई जगह नही होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित