पटना , अक्टूबर 26 -- बिहार के गयाजी स्थित शंकराचार्य मठ को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। यहां आठ करोड़ 85 लाख 24 हजार 892 रुपये की लागत से लेजर लाइट एंड साउंड शो स्थापित किया जाएगा। योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

योजना के तहत लेजर लाइट एंड साउंड शो की स्थापना के साथ पांच वर्षों तक इसके संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम इस योजना की कार्यकारी एजेंसी होगी। निर्माण कार्य आगामी एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ 21 लाख 31 हजार 223 रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

लेजर लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से शंकराचार्य मठ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को पर्यटकों के सामने आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने की उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने से गयाजी के पर्यटन आकर्षण में वृद्धि होगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित