गयाजी , जुलाई 07 -- बिहार में गया जी जिले के डेल्हा थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक गांजा आपूर्तिकर्ता को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी-2) धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि 64 नंबर गुमटी के पास एक घर में कुछ युवक हथियार के बल पर गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर डेल्हा थाना प्रभारी वेंकटेश्वर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुजीत कुमार और नटवर को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 930 ग्राम गांजा, एक लोडेड पिस्तौल तथा तीन कारतूस बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करण पासवान और बूटा पासवान से 15 हजार रुपये में गांजा खरीदा था। दोनों आरोपी गांजा को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर खुदरा स्तर पर बेचने की तैयारी में थे।

डीएसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर गांजा की थोक सप्लाई करने वाले करण पासवान और बूटा पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाकर अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित