, May 16 -- गया जी: मोक्षनगरी गया में वट सावित्री व्रत के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थलों पर विशाल वट वृक्ष के नीचे बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं एकत्रित हुईं और अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
जिले के विभिन्न स्थानों पर आज सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री लेकर वट वृक्ष के समीप पहुंचने लगी थीं। इस दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा की तथा रक्षा सूत्र बांधा और सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण भी किया।
इस व्रत के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। व्रत के दौरान महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर अपने परिवार की सुख-शांति और पति की दीर्घायु होने की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए अखंड सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
इस पूजा में शामिल महिला श्रद्धालु शीला देवी ने बताया कि वट सावित्री पूजा के लिए महिलाएं पूरी श्रद्धा भाव से वट वृक्ष के नीचे धार्मिक अनुष्ठान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा के लिए यह व्रत किया था, तभी से यह परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ यह पूजा कर अपने पति की लंबी आयु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित