गयाजी, जनवरी 14 -- गया जिले के इमामगंज विधानसभा अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के पूर्व नक्सल प्रभावित स्थान छकरबंधा में मकर संक्रांति के अवसर पर भव्य चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा ने अपने संसदीय क्षेत्र छकरबंधा में किया। इस आयोजन में करीब 20 से 25 हजार की संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
इस आयोजन की खास बात यह है कि यह इलाका कभी नक्सल प्रभावित माना जाता था, जहां दिन के उजाले में भी लोगों को आने-जाने में भय लगता था, लेकिन आज उसी क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में हजारों लोगों के साथ खुलेआम भोज का आयोजन होना बदले हुए हालात और लोकतांत्रिक मजबूती का प्रतीक बना।
इस भोज कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और विकास का संदेश दिया.इस अवसर पर राजद सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि छकरबंधा और डुमरिया जैसे इलाकों में अब शांति, विकास और विश्वास का माहौल कायम हुआ है। यह आयोजन उसी सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है, जहां लोग बिना किसी भय के एकजुट होकर पर्व मना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित