पटना , जून 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी, राजगीर और नालंदा में पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए रविवार को कहा है कि राज्य के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का समग्र विकास कर बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार में पर्यटन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए राज्य में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना तथा धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का व्यापक विकास एवं कायाकल्प करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों राजगीर , गयाजी और नालंदा में संचालित विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है।
श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुविधा के लिए मां मुंडेश्वरी मंदिर, करकटगढ़ जलप्रपात तथा राजगीर के लिये अनुदानित दर पर हेलिकॉप्टर सेवा शीघ्र शुरू की जाए। इसके साथ ही वाल्मीकिनगर के लिए प्रत्येक शनिवार और रविवार को पर्यटकों हेतु रियायती दर पर हवाई सेवा भी जल्द प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पटना प्रस्थान से आगमन तक 'एंड-टू-एंड' सेवा बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा शुरू की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित