ग्वालियर , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बहनोई के निधन पर गमी में शामिल होने मुरैना गए परिवार के सूने घर के ताले तोड़कर चोर नकदी और सोने का हार चोरी कर ले गए। घटना सिरोल थाना क्षेत्र की हुरावली न्यू कृष्णा विहार कॉलोनी की है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार न्यू कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय मोजू गुर्जर अपने भाई जगबीर सिंह और भाभी वर्षा के साथ हुरावली में रहते हैं। 02 अगस्त की रात करीब आठ बजे उनके जीजा राजेश सिंह का निधन हो गया था। इसकी सूचना मिलने पर मोजू अपने भाई, भाभी और बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर गमी में शामिल होने मुरैना चले गए थे।

शनिवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोसी अनिल तिवारी ने फोन कर बताया कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और चोरी की आशंका है। सूचना मिलने पर मोजू दोपहर करीब 12:30 बजे अपने जीजा सीपेंद्र गुर्जर के साथ हुरावली पहुंचे।

घर के अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। कोने में रखी अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखा भाभी का सोने का हार और कुछ नकदी गायब मिली। फरियादी की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित