बेतिया , नवंबर 04 -- बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिले की सभी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ पेराई सत्र की तैयारियों और संभावित समस्याओं पर चर्चा की गयी।

जिलाधिकारी ने गन्ना खरीद में घटतौली, अवैध खरीद (पोचिंग), यातायात व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, अवैध गुड़ क्रशरों के संचालन तथा गन्ना ढुलाई मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गन्ना खरीद विभागीय दिशा-निर्देशों और चीनी मिलों द्वारा जारी वैध चालान के अनुरूप ही होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रहे, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और ईंख पदाधिकारियों को गन्ना तौल केंद्रों की सघन भौतिक जांच करने तथा घटतौली की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिये । बिना वैध लाइसेंस के किसी भी गुड़ क्रशर का संचालन नहीं होने देने और संयुक्त जांच अभियान चलाने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों पर ओवरलोडिंग रोकने, यातायात नियमों का पालन कराने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का निर्देश दिये।उन्होंने स्पष्ट किया कि गन्ने की ढुलाई केवल नंबर प्लेट वाले वाहनों से करायी जाए। साथ ही, ढुलाई मार्गों को दुरुस्त करने और चीनी मिलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को कहा।

उन्होंने चीनी की बिक्री उचित दर पर सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित अभिलेखों का समुचित संधारण करने के निर्देश दिये ।

जिलाधिकारी ने प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन को आपसी समन्वय से पेराई सत्र का सफल संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित