गोपालगंज 31अक्टूबर (वार्ता) बिहार के गोपालगंज जिले के सिधवलियाभारत शुगर मिल में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने 17 यंत्र बैंकों की स्थापना के लिए चीनी मिल, एफपीओ एवं एटीएसपी के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर बरौली एफपीओ के संचालक रतिकांत पाण्डेय को यंत्र बैंक की चाबी भी प्रदान की गई।

प्रत्येक यंत्र बैंक की स्थापना के लिए परियोजना लागत का 80 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम आठ लाख रुपये तक, प्रदान किया जाना है। इस पहल से गन्ना किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा खेती की लागत एवं श्रम संबंधी कठिनाइयों को कम करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान गोपालगंज जिले में गन्ना नर्सरी की स्थापना के लिए दो सामान्य वर्ग एवं दो अनुसूचित जाति के किसानों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मंत्री ने उपेन्द्र कुमार एवं राकेश राय को गन्ना नर्सरी स्थापना के लिये स्वीकृति पत्र सौंपे। गन्ना नर्सरी स्थापना के लिए 15 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 75 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 11 लाख 25 हजार रुपये तक देय है।

इस अवसर पर सिधवलिया चीनी मिल के महाप्रबंधक विकास कुमार त्यागी, गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार सुधांशु, ईख पदाधिकारी शिवशंकर आजाद सहित भारत शुगर मिल के अन्य पदाधिकारी एवं चीनी मिल से जुड़े लगभग 100 किसान उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित