पटना , अप्रैल 25 -- गन्ना उद्योग विभाग की ओर से गन्ना सेवा केंद्र के माध्यम से छोटे और सीमांत किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें गन्ना की खेती में होने वाली परेशानी दूर हो सके और वह कम लागत में बेहतर गन्ना की खेती कर सकें।
विभाग के अनुसार यह योजना सबसे पहले उन जिलों में लागू की जाएगी जहां सबसे ज्यादा गन्ना का उत्पादन होता है और मशीनीकरण कम है। इसके बाद अन्य जिलों में इसे लागू किया जाएगा। यह किसानों के लिए एक वन-स्टॉप समाधान होगा। यहां किसानों को खेती से जुड़ी सलाह, नई किस्मों की जानकारी, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी की जानकारी, मिल और बाजार से जुड़ाव के बारे में भी जानकारी मिलेगी। इससे किसानों का समय और खर्च दोनों बचेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग ने छोटे और सीमांत किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के साथ ही मशीन खरीदने में मदद करेगा और किसानों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराएगा।
बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग के इस पहल से बिहार के गन्ना क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव होने की संभावना है। इससे आधुनिक तरीके से गन्ना की खेती होगी, गन्ना उत्पादन में वृद्धि होगी, गन्ना किसानों के आय में सुधार होगा। इस योजना से गन्ना किसान को मशीन खरीदने में आसानी होगी और वह बेहतर तरीके से गन्ना की खेती कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित