रुद्रप्रयाग, अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जनपद के खांकरा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गदेरे में नहाने गए 21 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अंशुल जमलोकी (21) पुत्र विनोद जमलोकी, निवासी ग्राम कोठड़ा, गुप्तकाशी का रहने वाला था, जो वर्तमान में में अध्ययनरत था। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ खांकरा क्षेत्र घूमने आया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया जा रहा है कि सभी युवक बदरीनाथ नेशनल हाईवे के समीप सम्राट होटल के पास स्थित मोलदा गदेरे में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान अचानक अंशुल गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और युवक देखते ही देखते पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल अलर्ट किया गया। रतूड़ा पोस्ट से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव गदेरे से बाहर निकाला।
इसके बाद शव को लगभग 3 किलोमीटर पैदल मार्ग से मुख्य सड़क तक लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित