गदरपुर , जून 17 -- उत्तराखंड के गदरपुर में गौवंश संरक्षण स्क्वाड कुमाऊँ परिक्षेत्र और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को गांधी कॉलोनी क्षेत्र से लगभग 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि दो अन्य आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गदरपुर पुलिस ने सूचना के आधार पर गांधी कॉलोनी में एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गौमांस बरामद हुआ। गदरपुर के थाना के उप निरीक्षक संजय बोहरा के अनुसार नईम निवासी अगलगा, थाना स्वार, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा अबरार निवासी गांधी कॉलोनी, गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान दो अन्य आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मौके से कार के अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। बरामद गौमांस और वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में संबद्ध धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है तथा फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित