जयपुर , मई 17 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को किसान, मजदूर, युवा और महिला उत्थान के लिए कृत संकल्पित बताते हुए कहा हैं कि हमारी सरकार ने प्राथमिकता से प्रदेश के विकास का रोडमैप बनाकर पानी, बिजली एवं रोजगार पर कार्य किया है और गत सरकार की तुलना में हमने किए अधिक कल्याणकारी काम किये है।

श्री शर्मा ने शनिवार रात जयपुर जिले में बगरू के ठिकरिया गांव से वीसी के जरिए प्रदेशभर में आयोजित ग्राम रथ समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गत 27 अप्रैल को ग्राम रथ अभियान प्रारंभ कर 183 विधानसभा क्षेत्रों में इन रथों के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को डबल इंजन की सरकार पूरा कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने ढाई वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में गत सरकार की तुलना में अधिक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों एवं आमजन की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है वहीं गत दो वर्षों में मानसून की अच्छी वर्षा से प्रदेश के बांधों में पानी की अच्छी आवक भी हुई है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता बढ़ रही है। इसी क्रम में बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान पीएम कुसुम योजना का लाभ लेकर अन्नदाता के साथ ही ऊर्जादाता भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं, जिससे निजी क्षेत्र में तीन लाख युवाओं को रोजगार मिला है। हमारी सरकार चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे को भी पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि गत सरकार में पेपर लीक से युवाओं के सपने टूटे, लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित