जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के सभी श्रेणी के पात्र एवं सत्यापित पेंशन लाभार्थियों की गत दिसम्बर तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है और गत जनवरी की पेंशन भी जल्द लाभार्थियों के खाते में आ जायेगी।
श्री गहलोत प्रश्नकाल में विधायक डॉ. जसवन्त सिंह यादव के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 91 लाख 6 हजार 925 लाभार्थी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे खाते जिनमें बैंक अकाउंट और जनाधार के नाम में भिन्नता थी या अकाउंट स्वत: अपडेट नहीं हो रहे थे, उन्हें भी जिला स्तर पर सूचना प्राप्त कर अपडेट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अकाउंट अपडेट होते ही आगामी 31 मार्च तक डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न कारणों से गत तीन वर्षों की बकाया राशि लगभग छह करोड़ रुपये का भुगतान भी 31 मार्च तक कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र वृद्धजन जो किसी कारण से पेंशन वेरीफिकेशन नहीं करा पाते हैं, उनके लिए राज्य सरकार जल्द ही एक पोर्टल बना कर लाभान्वित करने की दिशा में प्रयास करेगी।
उन्होंने बताया कि बैंकों के विलय होने के कारण आईएफएससी कोड बदले हैं। इस कारण 11 लाख लाभार्थियों की लम्बित पैंशन में से लगभग 10.5 लाख (95 प्रतिशत) लाभार्थियों की पेंशन का भुगतान कर दिया गया है। शेष लाभार्थियों की पेंशन राशि का भुगतान भी 31 मार्च तक कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में आईएफएससी कोड बदलने के कारण कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन से वंचित न रहे, इस दिशा में राज्य सरकार प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित