राजनांदगांव , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शुक्रवार की रात निकलने वाली गणेश विसर्जन झांकियों के लिए पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बीच झांकी मार्ग पर शराब सेवन और नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने गणेश विसर्जन और झांकियों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ चार ड्रोन और 10 निगरानी मचान से नजर रखने की व्यवस्था की है। इसके अलावा 'वन कॉप-वन पंडाल' व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी देने तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर निगरानी रखने की बात कही गई है।

इस बीच स्थानीय स्तर पर पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों में शराब का स्पष्ट उल्लेख नहीं होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ नागरिकों का कहना है कि विसर्जन झांकियों के दौरान भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नशे की हालत में विवाद और हुड़दंग की आशंका को देखते हुए शराब पीकर आयोजन में शामिल होने वालों तथा अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की व्यवस्था भी स्पष्ट की जानी चाहिए।

पुलिस ने झांकियों के दौरान चाकूबाजी, आपसी विवाद और अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डीजे संचालकों को ध्वनि संबंधी निर्धारित मानकों और लागू नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित