बड़वानी , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के अंजड़ में गणेशोत्सव के समापन पर निकाले गए विसर्जन जुलूस में लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाला कथित आपत्तिजनक पोस्टर प्रदर्शित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान अंजड़ निवासी साजिद उर्फ गोल्डी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया है।

अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान ने बताया कि 26 सितंबर की रात गणेशोत्सव के समापन पर शहर में विभिन्न झांकियों के साथ चल समारोह निकाला गया था। ठीकरी रोड और राजपुर रोड पर झांकियां देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाला पोस्टर प्रदर्शित किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए।

पुलिस के अनुसार वीडियो में कुछ युवाओं के हाथों में छत्रपति शिवाजी महाराज, भगत सिंह और बाल ठाकरे सहित अन्य व्यक्तियों की तस्वीर वाले पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। इनमें लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाला पोस्टर भी दिखाई देने की बात कही गई है।

थाना प्रभारी के मुताबिक जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। पोस्टर प्रदर्शित किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने साजिद उर्फ गोल्डी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक पद्मलोचन शुक्ला ने बताया कि पोस्टर जुलूस में कैसे पहुंचा और मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की भी पड़ताल कर रही है।

उल्लेखनीय है कि खरगोन जिले में इस वर्ष लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर 10 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आया था। पुलिस के अनुसार कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में 16 मार्च को एक कारोबारी के घर फायरिंग के बाद उसके परिवार को कथित तौर पर धमकी देकर 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अंतरराष्ट्रीय नंबर से संपर्क किया गया था और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने धमकी दी थी।

पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान हैरी बॉक्सर नाम के कथित ऑपरेटिव का नाम भी सामने आया था। हालांकि, खरगोन के इस मामले और अंजड़ में पोस्टर प्रदर्शित किए जाने की घटना के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने आने की जानकारी पुलिस ने नहीं दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित