अंबिकापुर , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान गाड़ी को साइड देने को लेकर हुए विवाद में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक निशांत कुर्रे के साथ कथित रूप से मारपीट और उनकी निजी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर की है। इलाके से गणेश विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक निशांत कुर्रे अपनी निजी गाड़ी से वहां से निकल रहे थे। गाड़ी को साइड देने की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने डीएसपी के साथ मारपीट की और उनकी निजी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।

उपाधीक्षक निशांत कुर्रे सरगुजा के दरिमा थाना में पोस्टेड हैं। घटना के बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित