बिलासपुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में विवाद शांत कराने पहुंचे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी क्षेत्र की नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। विसर्जन के बाद लौटते समय बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति से जुड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे किसी पुरानी रंजिश के बजाय नशे की हालत में आपसी कहासुनी बढ़ने की बात सामने आई है।

विवाद के दौरान युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच सड़क पर मौजूद बन्नाक चौक स्थित महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर (24), माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव (22) समेत तीन युवकों ने विवाद रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर युवकों ने उन पर ही चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक लहूलुहान हो गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिम्स भेजा। घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक सहित अन्य युवकों को पकड़ लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इधर, गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी युवकों के दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी। गोंड़पारा और सरकंडा क्षेत्र से आए कुछ युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित