बैतूल , सितंबर 23 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला के घायल होने की जानकारी है। महिला ने मंगलवार देर रात गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर किला खंडारा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद मारपीट की स्थिति बनी। इसमें राधिका नामक महिला के घायल होने की बात सामने आई है।
राधिका ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई। उसने गांव में सामाजिक वर्चस्व को लेकर पूर्व में भी विवाद होने और कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले गांव के राधेश्याम नामक युवक के साथ भी नीतू यादव सहित अन्य लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गई थी। इस संबंध में भी थाने में शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित