रायपुर , सितंबर 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच महादेवघाट स्थित शहर के सबसे बड़े विसर्जन कुंड का निर्माण धीमी गति से चलने पर नगर निगम ने नाराजगी जताई है। निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने अधिकारियों को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले हर हाल में कुंड का काम पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने शनिवार को महादेवघाट पहुंचकर निर्माणाधीन विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले कुंड को हर हाल में तैयार किया जाए।

महादेवघाट स्थित इस कुंड में राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों की करीब दस हजार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। ऐसे में विसर्जन से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने पर निगम का जोर है।

श्री साहू ने इसके अलावा वार्ड-2 के अटल आवास परिसर, वार्ड-70 के सरोना और वार्ड-20 के कोटा में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण की गति धीमी पाई गई।

अपर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्धारित काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही धीमी गति से चल रहे सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उनकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित