दरभंगा , सितंबर 12 -- गणेश पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने 207 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है।जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के संयुक्त आदेश के अनुसार गणेश पूजा 14 से 24 सितंबर 2026 तक मनाई जाएगी। इस दौरान साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, अफवाह फैलाने तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाले तत्वों एवं असामाजिक और गुंडा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आदेश में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को गणेश पूजा की समाप्ति तक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को महत्वपूर्ण गणेश पूजा स्थलों पर वाच टावर एवं सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को अफवाह से उत्पन्न भगदड़ जैसी घटनाओं से सावधान करने का निर्देश दिया गया है। पूजा स्थलों के आसपास बड़े एवं छोटे वाहनों के परिचालन और पार्किंग पर भी रोक सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष, सहायक नियंत्रण कक्ष एवं प्रमुख पूजा स्थलों पर एंबुलेंस, चिकित्सक दल, आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं तथा आकस्मिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, अग्निशमन विभाग द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष में आवश्यक सुविधाओं से युक्त अग्निशमन वाहन की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को पूजा समितियों द्वारा लगाए गए विद्युत संयंत्रों एवं आपूर्ति व्यवस्था की सुरक्षा की दृष्टि से पूर्व जांच कराने तथा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर पूजा समितियों के समन्वय से उसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित को 14 सितंबर के पूर्वाह्न से सभी प्रतिनियुक्ति स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बल को निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य स्थल पर योगदान देने तथा पूजा समाप्ति के बाद निर्देशानुसार कर्तव्य स्थल छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में रहकर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए गणेश पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित