बिलासपुर , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में गणेश पंडाल लगाने और रास्ता घेरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर से हमला करने के आरोप लगाए हैं। घटना में दोनों पक्षों की महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आज बताया कि, दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार कोनी निवासी संतोषी नेताम 19 सितंबर की शाम अपनी भाभी पूनम मरावी, कल्पना मरावी, प्रिया मरावी, दीक्षा मरावी, शिमरन मरावी, किरण मरावी और आरोही मरावी के साथ ठाकुर देव मंदिर के पास लगाए गए गणेश पंडाल में प्रसाद के लिए खिचड़ी बना रही थीं। इसी दौरान राम विलास साहू, सुकृता साहू, गीता साहू सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। सड़क घेरने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

संतोषी नेताम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे, पत्थर तथा हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। घटना में संतोषी समेत पूनम, कल्पना, प्रिया, दीक्षा, शिमरन, किरण और आरोही को चोटें आईं। कल्पना मरावी का मोबाइल तोड़ने का आरोप भी लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित