देहरादून , मार्च 01 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कारगी रोड स्थित एक निजी वेडिंग पॉइंट में रविवार को 16वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स का 46वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी शामिल हुए। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर नारियों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में प्रदेश की उल्लेखनीय भागीदारी गर्व का विषय है। साथ ही उन्होंने भव्य सैन्य धाम के शीघ्र लोकार्पण की बात दोहराई और अगले स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि देश की सेना मे लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य से आते हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सेवा के बाद सामाजिक क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट सैन्य धाम का जल्द ही लोकार्पण होने जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित